राष्ट्रीय समाचार
Khatu Shyam Temple Fire: खाटूश्यामजी में मंदिर के पास आग का तांडव! चार सिलेंडरों में धमाके, पाटोत्सव में मची भगदड़ जैसी स्थिति
Published
1 घंटा agoon

Khatu Shyam Temple Fire: राजस्थान के सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर के पास शुक्रवार तड़के एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठने और गैस सिलेंडरों में धमाकों से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। घटना के समय मंदिर में वार्षिक पाटोत्सव के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
Khatu Shyam Temple Fire: नंद भोजनालय में लगी आग, चार सिलेंडरों में धमाके
जानकारी के मुताबिक, आग मंदिर के नए एग्जिट रूट के पास काला भवन धर्मशाला के सामने स्थित नंद भोजनालय में लगी। देखते ही देखते आग ने पूरे रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठने लगीं और दूर से दिखाई देने लगीं। रिपोर्ट के मुताबिक, भोजनालय में दो दर्जन से अधिक गैस सिलेंडर रखे हुए थे। इनमें से चार सिलेंडरों में धमाके हुए। इससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, बाकी सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
दमकल की गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और व्यापारी भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में मदद की। मंदिर समिति और प्रशासन की दमकल गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए पांच दमकल वाहनों को लगाया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस के अनुसार, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।
मंदिर का एग्जिट गेट बंद, दूसरे रास्ते से निकाले गए श्रद्धालु
खाटूश्यामजी मंदिर में इन दिनों वार्षिक पाटोत्सव का आयोजन चल रहा है। इस अवसर पर राजस्थान समेत देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में मंदिर के निकास द्वार के पास आग लगने की घटना ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी। एहतियात के तौर पर मंदिर का एग्जिट रास्ता अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और भगदड़ जैसी स्थिति से बचने के लिए उन्हें गुवाड़ चौक की ओर से बाहर निकाला गया।
Also Read –Compromised PM: कभी इस टेबल पर नहीं बैठ सकता’, राहुल गांधी ने तस्वीर के बहाने मोदी पर साधा निशाना
आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल भोजनालय में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और पुलिस की टीमें घटनास्थल पर मौजूद रहीं। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। राहत की बात यह है कि मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होने के बावजूद इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
