Delimitation Bill: संसद के विशेष सत्र (Parliament Special Session) से पहले परिसीमन और महिला आरक्षण (Women Reservation) को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। शनिवार को INDIA गठबंधन के नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर बैठक की। इसमें परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक (Constitution Amendment Bill) पर चर्चा हुई। बैठक में आरजेडी, टीएमसी, आईयूएमएल और आरएसपी समेत कई दलों के नेता शामिल हुए, जबकि एनसीपी (शरद पवार) ने इससे दूरी बनाए रखी।
बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने परिसीमन विधेयक को लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार सीटों की संख्या बढ़ाकर सत्ता पर अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। खड़गे ने यह भी कहा कि प्रस्ताव में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (SC-ST) के हितों का ध्यान नहीं रखा गया है। वहीं, दूसरी तरफ डीएमके ने परिसीमन विधेयक को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है।
Also Read –Barabanki Truck Accident: बाराबंकी के किसान पथ पर दो ट्रकों की भीषण टक्कर, केबिन में लगी आग से ड्राइवर-कंडक्टर की जिंदा जलकर मौत!
Delimitation Bill: खड़गे का सरकार पर हमला
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि परिसीमन के नाम पर सत्ता अपने हाथ में लेने की कोशिश की जा रही है। उनके मुताबिक, यह विधेयक लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है और सभी विपक्षी दलों को इसका विरोध करना चाहिए।
खड़गे ने आरोप लगाया कि परिसीमन विधेयक में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के हितों को नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव में इन वर्गों के साथ नाइंसाफी की गई है। उनका दावा है कि इस विधेयक के जरिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश हो रही है।
Also Read –King Movie Daddy Cool Song: शाहरुख-करीना की जोड़ी, ‘डैडी कूल’ गाने में अपने डांस से मचाया धमाल
SC-ST आरक्षण पर क्यों उठाए सवाल?
मल्लिकार्जुन खड़गे ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों (Reserved Seats) का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इन वर्गों के लिए आरक्षित सीटों की संख्या संबंधित राज्य को आवंटित कुल सीटों और उस राज्य में एससी-एसटी आबादी के अनुपात के आधार पर तय होती है।
खड़गे का कहना है कि आरक्षित सीटों की संख्या भी जनसंख्या के अनुपात में होनी चाहिए। अगर किसी राज्य में एससी-एसटी की आबादी बढ़ती है तो उसी हिसाब से उनकी आरक्षित सीटों की संख्या भी बढ़नी चाहिए। लेकिन उनके मुताबिक, सरकार के मौजूदा प्रस्ताव में इसका कोई प्रावधान नहीं किया गया है।
‘नंबर के लिए पार्टियों को तोड़ रही सरकार’
खड़गे ने केंद्र सरकार पर राजनीतिक लाभ के लिए विपक्षी दलों को तोड़ने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार संख्या बल (Numbers) जुटाने के लिए पार्टियों में सेंधमारी कर रही है। उनका आरोप है कि सीटों की संख्या बढ़ाकर सरकार लंबे समय तक सत्ता में बने रहना चाहती है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि बैठक में शामिल इंडिया गठबंधन के नेताओं ने मिलकर यह तय किया है कि सरकार का प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है। इसलिए सभी विपक्षी दलों को इसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।
‘सरकार संविधान भी बदल सकती है’
मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपनी मर्जी के फैसलों को लागू करने के लिए संविधान में भी बदलाव कर सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान संशोधन का इस्तेमाल सरकार अपने मन की हर बात लागू करने के लिए कर सकती है।
खड़गे ने साफ कहा कि कांग्रेस इस विधेयक का विरोध करेगी। उनके मुताबिक, परिसीमन के नाम पर लाए जा रहे प्रस्ताव के दूरगामी राजनीतिक और संवैधानिक असर हो सकते हैं।
बैठक में राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता शामिल
मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रहे। तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी, निर्दलीय राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल, आरजेडी के अभय कुमार सिंह और मनोज झा भी बैठक में शामिल हुए। कानून पढ़ें
इसके अलावा सीपीआई के पी. संतोष कुमार, आईयूएमएल के ईटी मोहम्मद बशीर और आरएसपी के एनके प्रेमचंद्रन समेत कई नेताओं ने हिस्सा लिया। कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश भी बैठक में मौजूद थे।
बैठक में आम आदमी पार्टी, बीजेडी और डीएमके को भी आमंत्रित किया गया था। हालांकि, एनसीपी (शरद पवार) इस बैठक में शामिल नहीं हुई।
NCP (SP) ने बनाई दूरी
एनसीपी (शरद पवार) की बैठक से गैरमौजूदगी भी चर्चा का विषय रही। पार्टी सांसद सुप्रिया सुले ने शुक्रवार को शरद पवार के स्वास्थ्य का हवाला देते हुए कहा था कि वह सोमवार को दिल्ली जाएंगी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि पार्टी के दूसरे नेता बैठक में शामिल होंगे।
लेकिन सूत्रों के मुताबिक, एनसीपी (शरद पवार) का कोई नेता इस बैठक में शामिल नहीं हुआ। ऐसे में विशेष सत्र से पहले विपक्षी दलों की एकजुटता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
DMK ने किया परिसीमन का समर्थन
जहां एक तरफ इंडिया गठबंधन के कई दल परिसीमन विधेयक का विरोध करने की तैयारी में हैं, वहीं डीएमके ने इसका समर्थन करने का ऐलान कर दिया है। तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी इस विधेयक का समर्थन करेगी।
स्टालिन के मुताबिक, प्रस्ताव में निष्पक्ष परिसीमन (Fair Delimitation) की मांगों को शामिल किया गया है। डीएमके के इस रुख के बाद विपक्षी खेमे में परिसीमन को लेकर अलग-अलग राय सामने आ गई है।
अब संसद के विशेष सत्र से पहले यह देखना अहम होगा कि परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों पर विपक्षी दल किस तरह अपनी रणनीति बनाते हैं। एक तरफ खड़गे समेत कई नेता इसे लोकतंत्र और राज्यों के प्रतिनिधित्व से जुड़ा बड़ा मुद्दा बता रहे हैं, तो दूसरी तरफ डीएमके ने प्रस्ताव के समर्थन का फैसला किया है।