Dholpur Pokhar Drowning Accident: राजस्थान के धौलपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सरमथुरा उपखंड के आंगई थाना क्षेत्र स्थित विरजा गांव में एक पोखर में डूबने से चार लोगों की मौत की आशंका है। हादसे में तीन महिलाओं के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक युवक अभी भी लापता है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
Dholpur Pokhar Drowning Accident: हीरामन बाबा के स्थान पर जात देने आए थे
जानकारी के मुताबिक, धौलपुर के मोरोली गांव से चार लोग विरजा गांव स्थित प्रसिद्ध हीरामन बाबा के स्थान पर धार्मिक अनुष्ठान यानी जात देने के लिए आए थे। पूजा-अर्चना के बाद सभी लोग पास में मौजूद पोखर की तरफ गए थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने या गहरे पानी में चले जाने के कारण चारों लोग पानी में डूब गए।
Also Read –Sonam Wangchuk Parliament March: ‘राहुल गांधी मेरा अनशन तुड़वाएं…’ सोनम वांगचुक ने बताया 20 जुलाई के संसद मार्च का पूरा प्लान
हादसे की खबर मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने बचाव की कोशिश शुरू की। इसके बाद आंगई थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन को घटना की सूचना दी गई।
गोताखोरों की मदद से शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से पोखर में राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद तीन महिलाओं के शव पानी से बाहर निकाल लिए गए।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। वहीं, पोखर में लापता युवक की तलाश लगातार जारी है। गोताखोर पानी के अंदर युवक को खोजने में जुटे हुए हैं।
Also Read –Indians Missing in Nepal Flash Flood: नेपाल में फ्लैश फ्लड से महातबाही! कैलाश यात्रियों समेत 130+ भारतीय लापता…बढ़ी बेचैनी
हादसे से गांव में पसरा मातम
एक साथ चार लोगों के पोखर में डूबने की खबर से मोरोली गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजन घटनास्थल और अस्पताल पहुंच गए। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसा पोखर में पैर फिसलने या गहरे पानी में जाने के कारण हुआ हो सकता है। हालांकि, हादसे की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस लापता युवक की तलाश के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।