US Midterm Election 2026: अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी को मिली बड़ी जीत के बाद एलन मस्क ने सोशल मीडिया पर ऐसा तंज कसा, जिसने सबका ध्यान खींच लिया। रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन में करोड़ों डॉलर खर्च करने वाले मस्क ने अपनी ही अंदाज में चुनावी नतीजों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि उनके कथित ‘चुनाव में दखल देने वाले स्पेस लेजर’ भी मनचाहा नतीजा नहीं दिला सके।
मस्क ने यह टिप्पणी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर की। इसके साथ ही उन्होंने एक और पोस्ट में लिखा, ‘अब अंतरिक्ष में डेटा सेंटर बनाना काफी आकर्षक लग रहा है।’ उनके इन बयानों को रिपब्लिकन पार्टी को चुनाव में मिली हार और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए लगे झटके पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है।
US Midterm Election 2026: टेक्सास में जीत के बाद जेम्स टालारिको ने मस्क पर साधा निशाना
मस्क की यह टिप्पणी ऐसे समय आई, जब टेक्सास से सीनेटर चुने गए डेमोक्रेट नेता जेम्स टालारिको ने अपनी जीत के बाद मस्क और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधा। ऑस्टिन में जीत का जश्न मनाते हुए टालारिको ने कहा कि उनकी पार्टी इस चुनाव में कमजोर स्थिति से उतरी थी।
उन्होंने दावा किया कि उनके सामने 30 करोड़ डॉलर से ज्यादा का चुनावी खर्च, नकारात्मक विज्ञापन, बदनाम करने वाले अभियान, विदेशी बॉट्स और AI से तैयार किए गए फर्जी वीडियो जैसी चुनौतियां थीं। टालारिको के मुताबिक, इसके बावजूद उनकी जीत हुई।
टेक्सास में उनकी जीत को खास माना जा रहा है, क्योंकि यह राज्य लंबे समय से रिपब्लिकन पार्टी का मजबूत गढ़ रहा है। अपने भाषण में टालारिको ने उन अरबपतियों पर भी निशाना साधा, जिनका सोशल मीडिया के एल्गोरिदम पर नियंत्रण है। उनका इशारा एलन मस्क की ओर था।
ट्रंप की राजनीति पर भी किया हमला
टालारिको ने अपने भाषण में ट्रंप के नेतृत्व वाली राजनीति की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि देश ने पिछले एक दशक में ऐसी राजनीति देखी है, जिसमें मुद्दों से ज्यादा ट्रोलिंग, एक-दूसरे को नीचा दिखाने और राजनीतिक टकराव पर जोर रहा है। उन्होंने इस राजनीति की तुलना पेशेवर कुश्ती से भी की।
रिपब्लिकन उम्मीदवारों पर मस्क ने खर्च किए थे करोड़ों डॉलर
एलन मस्क इस चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवारों के सबसे बड़े आर्थिक समर्थकों में शामिल थे। NBC News की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने पार्टी के कांग्रेस चुनाव अभियानों की मदद के लिए करीब 25 करोड़ डॉलर खर्च किए थे। इसके बावजूद रिपब्लिकन पार्टी को कई अहम चुनावी झटके लगे।
अमेरिकी मीडिया नेटवर्क्स के अनुमानों के मुताबिक, डेमोक्रेट्स प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में फिर से नियंत्रण हासिल करने की स्थिति में पहुंच गए। इससे वॉशिंगटन में सत्ता का संतुलन बदलने और ट्रंप के विधायी एजेंडे को चुनौती मिलने की संभावना बढ़ गई है।
टेक्नोलॉजी और AI सेक्टर पर भी पड़ सकता है असर
चुनाव में डेमोक्रेट्स की बढ़त के बाद टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेक्टर के भविष्य को लेकर भी अनिश्चितता बढ़ी है। खास तौर पर डेटा सेंटर उद्योग पर इसके असर को लेकर बाजार में चिंता देखी गई। चुनावी नतीजों के बाद रातोंरात अमेरिकी शेयर बाजार के वायदा कारोबार में गिरावट दर्ज की गई।
ऐसे माहौल में मस्क का अंतरिक्ष में डेटा सेंटर बनाने वाला बयान भी चर्चा में आ गया। उनके इस तंज को चुनावी नतीजों पर व्यंग्य के साथ-साथ टेक्नोलॉजी सेक्टर के भविष्य को लेकर उनकी टिप्पणी के तौर पर भी देखा जा रहा है।