Agra Murder Case: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी के होश उड़ा दिए हैं। अमूमन फिल्मों में दिखने वाली सस्पेंस और मर्डर की कहानियां अब असल जिंदगी में खौफ का नया रूप ले चुकी हैं। आगरा के थाना सिकंदरा इलाके में सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा करने वाली एक पत्नी ही अपने पति की सबसे बड़ी दुश्मन बन गई। उसने न सिर्फ अपने पति को खौफनाक मौत दी, बल्कि उसकी लाश के साथ जो किया, उसे जानकर आपकी रूह कांप जाएगी। यह पूरी घटना किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं है, जहां एक महिला 45 दिनों तक पुलिस और पूरे समाज को अपनी उंगलियों पर नचाती रही।
Also Read –West Bengal: बंगाल में राशन-पैसा बंद! सरकारी स्कूल न भेजने और दो शादी करने वालों पर सुवेंदु सरकार का बड़ा एक्शन
Agra Murder Case: घर के भीतर छुपा था मौत का सबसे गहरा राज
इस बेहद सनसनीखेज मामले की शुरुआत होती है 26 मई 2026 से, जब सिकंदरा थाने में सुरेंद्र शर्मा नाम के एक शख्स की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई जाती है। रिपोर्ट लिखवाने वाली कोई और नहीं, बल्कि सुरेंद्र की पत्नी रूबी और उसके ही घरवाले थे। पुलिस सुरेंद्र की तलाश में दिन-रात एक कर रही थी और उधर रूबी हर किसी के सामने अपने पति के खो जाने का रोना रो रही थी। लेकिन किसे पता था कि सुरेंद्र इस दुनिया को छोड़कर कहीं दूर नहीं गया, बल्कि अपने ही घर के बाथरूम में दफन है। पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, इस रहस्यमयी गुमशुदगी के पीछे का घिनौना सच बाहर आने लगा और खुद खाकी के भी पैरों तले जमीन खिसक गई।
Also Read –Venezuela Earthquake: 140 टन मलबे के नीचे 8 दिन… फिर भी नहीं टूटी सांसें, रेस्क्यू देख छलक पड़े आंसू
रोज के झगड़ों का खौफनाक और जानलेवा अंत
दरअसल, सुरेंद्र पेशे से एक ट्रक ड्राइवर था और उसकी पत्नी रूबी सिलाई का काम करके घर संभालती थी। दोनों की दो प्यारी बेटियां भी हैं, लेकिन इस हंसते-खेलते परिवार के पीछे रोज-रोज के झगड़ों और मारपीट का एक स्याह सच छिपा था। रूबी अपने पति की हरकतों और आए दिन होने वाले विवादों से इस कदर तंग आ चुकी थी कि उसने सुरेंद्र को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का मन बना लिया। एक दिन मौका पाकर रूबी ने सुरेंद्र को खाने में एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 15 से 20 नींद की गोलियां मिलाकर खिला दीं। भारी ओवरडोज के कारण सुरेंद्र हमेशा के लिए गहरी नींद में सो गया। इसके बाद रूबी ने घर के बाथरूम में ही एक गहरा गड्ढा खोदा और पति की लाश को उसमें दबाकर ऊपर से नया प्लास्टर करवा दिया ताकि किसी को शक न हो।
एक छोटी सी गलती और बेनकाब हो गई ‘कातिल’ पत्नी
पति को ठिकाने लगाने के बाद रूबी का व्यवहार इतना सामान्य था कि पड़ोसियों को कभी भनक तक नहीं लगी। वह सबको यही बताती रही कि सुरेंद्र कहीं चले गए हैं। इस बीच उसने शातिर दिमाग का इस्तेमाल करते हुए अपनी दोनों बेटियों और सास को जेठ अनिल शर्मा के घर भेज दिया था। लेकिन पाप का घड़ा एक न एक दिन जरूर भरता है। सुरेंद्र के भाई अनिल शर्मा को तब शक हुआ जब सुरेंद्र के गायब होने के बाद भी उनका एटीएम कार्ड दो-तीन बार इस्तेमाल हुआ और उससे पैसे निकाले गए। अनिल ने जब रूबी को अकेले में बुलाकर सख्ती से सच उगलवाने की कोशिश की, तो रूबी टूट गई और उसने रोते हुए अपना गुनाह कबूल कर लिया।
सलाखों के पीछे पहुंची शातिर दिमाग महिला
इस चौंकाने वाले खुलासे के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और रूबी को गिरफ्तार कर लिया। एसीपी हरीपर्वत अमीषा ने बताया कि आरोपी महिला ने बड़ी ही बेरहमी से अपने पति को नींद की गोलियां देकर मारा और शव को बाथरूम में दफन कर दिया था। कोर्ट ने अब शातिर पत्नी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या इस खौफनाक मर्डर मिस्ट्री में रूबी के साथ कोई और भी शामिल था या उसने अकेले ही इस पूरी वारदात को अंजाम दिया।