Connect with us

राष्ट्रीय समाचार

LOC Against Senthil Balaji: 35 करोड़ रिश्वत कांड में सेंथिल बालाजी पर शिकंजा, DMK विधायक और भाई के खिलाफ LOC जारी

Published

on

LOC Against Senthil Balaji: तमिलनाडु में कथित 35 करोड़ रुपये की रिश्वत और विधायक को धमकाने के मामले में पूर्व डीएमके मंत्री और कोयंबटूर साउथ से विधायक वी. सेंथिल बालाजी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ग्रेटर चेन्नई पुलिस (GCP) ने शनिवार को सेंथिल बालाजी और उनके भाई वी. अशोक कुमार को समन जारी कर सोमवार सुबह 10:30 बजे चेन्नई के त्रिप्लिकेन पुलिस स्टेशन में पूछताछ के लिए पेश होने का निर्देश दिया है।इसके साथ ही पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया है, ताकि वे जांच के दौरान देश छोड़कर बाहर न जा सकें। पुलिस का कहना है कि दोनों का वर्तमान ठिकाना पता नहीं चल सका, इसलिए समन उनके करूर स्थित पैतृक घर पर उनके पिता को सौंपा गया।

Also Read –Parliament Monsoon Session 2026: 20 जुलाई से संसद का रण! राम मंदिर दान विवाद से लेकर दल-बदल तक… क्या मानसून सत्र बनेगा 2027 की सियासी जंग का ट्रेलर?

LOC Against Senthil Balaji: विधायक को रिश्वत देने और धमकाने का आरोप

यह मामला सत्तारूढ़ टीवीके (TVK) के उथंगरई विधायक डॉ. एन. इलैयाराजा से जुड़ा है। आरोप है कि उन्हें विधानसभा में प्रस्तावित स्पीकर जेसीडी प्रभाकर के खिलाफ होने वाले मतदान में अपना रुख बदलने के लिए 35 करोड़ रुपये की रिश्वत देने की कोशिश की गई थी। साथ ही उन पर दबाव और धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में सेंथिल बालाजी और उनके भाई के खिलाफ बुधवार को केस दर्ज किया था। अब तक गिरफ्तार किए गए आरोपियों के बयान के आधार पर दोनों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

Also Read –Venezuela Earthquake: 140 टन मलबे के नीचे 8 दिन… फिर भी नहीं टूटी सांसें, रेस्क्यू देख छलक पड़े आंसू

पिता को सौंपा गया समन

शनिवार को चेन्नई की त्रिप्लिकेन पुलिस करूर जिले के रामेश्वरपट्टी गांव स्थित सेंथिल बालाजी के घर पहुंची। वहां उनके माता-पिता वी. वेलुसामी और पलानीअम्मल मौजूद थे। गांव के प्रशासनिक अधिकारी तमिलरासन और वंगल पुलिस की मौजूदगी में पुलिस ने सेंथिल बालाजी के पिता को समन सौंपा। उनके हस्ताक्षर लेकर समन की प्राप्ति की पुष्टि भी कराई गई।

अशोक कुमार ने हाईकोर्ट में लगाई अग्रिम जमानत की याचिका

इस बीच सेंथिल बालाजी के भाई वी. अशोक कुमार ने गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए मद्रास हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) की मांग करते हुए याचिका दायर की है। मामले की सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति सी. कुमारप्पन ने राज्य सरकार को जवाब दाखिल करने के लिए समय दिया और सुनवाई 6 जुलाई तक स्थगित कर दी। सरकारी वकील ने अदालत से कहा कि मामला गंभीर है और सरकार से निर्देश लेने के लिए समय चाहिए।

अब तक आठ लोगों की गिरफ्तारी

इस मामले में त्रिप्लिकेन पुलिस अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें सेंथिल बालाजी के करीबी बताए जा रहे होटल व्यवसायी एस. कार्थी (42) और टी. अथिबन रमेश (45) भी शामिल हैं, जिन्हें 1 जुलाई को करूर से गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा तिरुनावुक्करासु, नरेश, थियागराजन, सेल्वा, ई. एम. श्रीनिवासन, राजेश, कार्तिक और रमेश नाम के अन्य आरोपियों को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस पूरे मामले पर तमिलनाडु की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *