राष्ट्रीय समाचार
Ketan Agrawal Murder Case: केतन अग्रवाल मर्डर केस में नया ट्विस्ट! सिया ने बना रखा था ‘प्लान बी’, पुलिस जांच में खुलासा
Published
42 मिनट agoon

Ketan Agrawal Murder Case: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे मामले में नए दावे और जानकारियां सामने आ रही हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने केवल लोहगढ़ किले से धक्का देकर हत्या की योजना ही नहीं बनाई थी, बल्कि यदि केतन अग्रवाल उस घटना में बच जाते, तो उसके लिए भी एक वैकल्पिक योजना (प्लान-बी) पर विचार किया गया था।
Ketan Agrawal Murder Case: शादी से बचने के लिए रची गई साजिश
जांच से जुड़े सूत्रों का दावा है कि सिया गोयल किसी भी स्थिति में केतन अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी। इसी वजह से उसने चेतन चौधरी के साथ मिलकर कई संभावित योजनाओं पर चर्चा की। जांच एजेंसियों को मिले शुरुआती इनपुट के अनुसार दोनों ने केतन को रास्ते से हटाने के अलग-अलग तरीकों पर विचार किया था। सूत्रों के मुताबिक सड़क दुर्घटना का रूप देने या जहर देकर हत्या करने जैसे विकल्पों पर भी चर्चा हुई थी। हालांकि इन तरीकों में पकड़े जाने की आशंका अधिक होने के कारण लोहगढ़ किले से धक्का देने की योजना को चुना गया।
‘प्लान-बी’ को लेकर भी जांच
पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच में यह बात भी सामने आई है कि यदि केतन अग्रवाल गहरी खाई में गिरने के बाद जीवित बच जाते, तो भी आरोपियों ने आगे की रणनीति पर विचार किया था। दावा किया जा रहा है कि सिया को उम्मीद थी कि इतनी ऊंचाई से गिरने के बाद केतन गंभीर रूप से घायल हो सकते हैं या स्थायी रूप से दिव्यांग हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में वह इसी आधार पर शादी तोड़ने का फैसला कर सकती थी और परिवार के सामने इसे कारण के रूप में पेश करने की योजना थी। सूत्रों का यह भी कहना है कि सिया को अंदेशा था कि यदि वह सीधे चेतन चौधरी से शादी की बात करती, तो परिवार इसकी अनुमति नहीं देगा। इसलिए कथित तौर पर पहले केतन से छुटकारा पाने और कुछ समय बाद चेतन से विवाह करने की योजना बनाई गई थी।
Also Read –Satendra Soni Kon Hai: कौन है सतेंद्र सोनी? जिन्होने रोते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो किया शेयर
डिजिटल सबूतों की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल सिया गोयल और चेतन चौधरी पुलिस हिरासत में हैं। जांच एजेंसियां दोनों से लगातार पूछताछ कर रही हैं। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल चैट, डिजिटल डेटा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।अधिकारियों का मानना है कि डिजिटल साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आने वाले दिनों में मामले में और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
लोहगढ़ किले पर कराया गया क्राइम सीन रीक्रिएशन
रविवार सुबह पुलिस दोनों आरोपियों को लोहगढ़ किले लेकर पहुंची, जहां घटनाक्रम को दोबारा समझने के लिए क्राइम सीन रीक्रिएट कराया गया। जांच टीम ने मौके पर विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की और यह जानने की कोशिश की कि घटना किन परिस्थितियों में हुई थी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

