राष्ट्रीय समाचार
Priyanka Gandhi on Students FIR: छात्रों पर FIR को लेकर फिर गरमाई सियासत, Priyanka Gandhi का BJP पर हमला, सरकार पर लगाया बड़ा आरोप
Published
36 मिनट agoon

Priyanka Gandhi on Students FIR: पेपर लीक (Paper Leak) मामले को लेकर जंतर-मंतर (Jantar Mantar) पर चल रहा कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janata Party-CJP) का देशव्यापी विरोध प्रदर्शन भले ही केंद्र सरकार के साथ बातचीत के बाद खत्म हो गया हो, लेकिन अब छात्रों के खिलाफ दर्ज हो रही FIR को लेकर सियासत एक बार फिर तेज हो गई है। CJP का आरोप है कि केंद्र सरकार ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं होने का विश्वास दिया था, लेकिन इसके बावजूद अलग-अलग राज्यों में छात्रों को परेशान किया जा रहा है।
Also Read –Bigg Boss 20 Contestants: बिग बॉस 20 में कौन-कौन से सेलेब्स आएंगे नजर? जानिए
वहीं, कांग्रेस (Congress) सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) ने भी इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और केंद्र सरकार पर तगड़ा हमला बोला है। पर्यटनभारत
Priyanka Gandhi on Students FIR: CJP ने सरकार पर विश्वास तोड़ने का लगाया आरोप
CJP के प्रवक्ता सौरव दास (Saurav Das) ने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से यह भरोसा दिया गया था कि आंदोलन में शामिल किसी भी प्रदर्शनकारी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई नहीं की जाएगी। इसी भरोसे के आधार पर पार्टी ने अपना देशव्यापी आंदोलन वापस लिया था। लेकिन अब जिस तरह छात्रों को पुलिस की ओर से परेशान किए जाने की खबरें सामने आ रही हैं, उसे पार्टी विश्वासघात मान रही है।
सौरव दास ने कहा कि उनकी सबसे बड़ी मांग यह है कि जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है या गिरफ्तार किया गया है, उन्हें हर हाल में मंगलवार तक रिहा किया जाए। साथ ही सभी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज की गई FIR भी तत्काल वापस ली जाए। उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो पार्टी आगे बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर होगी।
प्रियंका गांधी ने छात्रों के खिलाफ कार्रवाई पर खड़े किये सवाल
कांग्रेस (Congress) सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) ने भी छात्रों के खिलाफ दर्ज हो रही एफआईआर (FIR) को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अभी भी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं और ऐसा लगता है कि ये लोग अपनी आदतों से बाज नहीं आएंगे।
प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एके-47 (AK-47) और पैलेट गन (Pellet Gun) का प्रयोग किए जाने जैसी बातें सामने आ रही हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या ये छात्र आतंकवादी हैं। उन्होंने कहा कि यह हद हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार (Bihar) और पश्चिम बंगाल (West Bengal) में छात्रों के खिलाफ फिर से एफआईआर दर्ज की गई हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें यह जानकारी मिली है लेकिन इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
लड़कियों को धमकाने के आरोप पर भी बोलीं प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) ने आंदोलन में शामिल छात्राओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कई लड़कियों के माता-पिता को फोन किए जा रहे हैं और उन्हें यह कहकर डराया जा रहा है कि उनकी बेटियां प्रदर्शन में शामिल हुई थीं।
उन्होंने सवाल किया कि क्या भारत में लड़कियां प्रदर्शन नहीं कर सकतीं। उनका कहना था कि यदि छात्राएं अपनी बात रखने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन में शामिल होती हैं तो उन्हें इस तरह डराने या धमकाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।
दीपेंद्र हुड्डा ने भी सरकार से मांगा जवाब
कांग्रेस (Congress) सांसद दीपेंद्र हुड्डा (Deepender Hooda) ने भी छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने प्रदर्शनकारियों पर बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज किया, जिसमें कीलों वाली लाठियों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के खिलाफ पैलेट गन (Pellet Gun) का इस्तेमाल किया गया और बिहार (Bihar) में छात्रों पर एके-47 (AK-47) का प्रयोग हुआ।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि आखिर ऐसे आदेश कौन दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) को इस पूरे मामले पर देश के सामने जवाब देना चाहिए और स्पष्ट करना चाहिए कि छात्रों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई क्यों की जा रही है।
सौरव दास ने अन्य राज्यों की स्थिति पर जताई चिंता
इससे पहले कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janata Party-CJP) के प्रवक्ता सौरव दास (Saurav Das) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए कहा कि उन्हें असम (Assam), पश्चिम बंगाल (West Bengal) और बिहार (Bihar) से लगातार ऐसी रिपोर्टें मिल रही हैं, जिनमें बताया जा रहा है कि अलग-अलग सरकारी एजेंसियां छात्रों और दूसरे प्रदर्शनकारियों को निशाना बना रही हैं। उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है या गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।
सौरव दास ने याद दिलाया कि कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janata Party-CJP) ने अपना देशव्यापी आंदोलन तभी वापस लिया था, जब केंद्र सरकार ने भरोसा दिया था कि चाहे भारतीय जनता पार्टी (BJP) शासित राज्य हों या राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (National Democratic Alliance-NDA) की सरकार वाले राज्य, किसी भी प्रदर्शनकारी के खिलाफ अभी या भविष्य में कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं होगी। ऐसे में विभिन्न राज्यों से आ रही खबरें गंभीर चिंता पैदा करती हैं। पर्यटनभारत
केंद्र सरकार से वादा निभाने की अपील
सौरव दास ने कहा कि पार्टी की कानूनी टीम पहले दिन से ही सक्रिय है और संबंधित राज्यों के वरिष्ठ वकीलों के साथ मिलकर हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई सुनिश्चित करने और उन्हें हर संभव कानूनी सहायता देने में जुटी हुई है।
उन्होंने केंद्र सरकार से, खासकर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा (JP Nadda) और डॉक्टर जितेंद्र सिंह (Dr Jitendra Singh) से अपील की कि वे प्रदर्शनकारियों को लेकर दिया गया भरोसा तुरंत पूरा करें। उन्होंने कहा कि हिरासत में लिए गए लोगों की जल्द रिहाई सुनिश्चित की जाए और यह निर्देश दिए जाएं कि देश के किसी भी हिस्से में किसी भी प्रदर्शनकारी के खिलाफ जबरदस्ती या बदले की भावना से कोई कार्रवाई न हो। साथ ही दर्ज की गई सभी एफआईआर (FIR) भी वापस ली जाएं।
लिखित गारंटी की भी याद दिलाई
सौरव दास ने कहा कि केंद्र सरकार ने मंगलवार तक इस पूरे मामले में लिखित गारंटी देने का भी वादा किया था। उन्होंने कहा कि देशव्यापी आंदोलन रोकने का फैसला पूरी तरह सरकार के भरोसे और नेक नीयत पर लिया गया था। यदि सरकार अब अपने वादे से पीछे हटती है तो यह केवल कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janata Party-CJP) के साथ विश्वासघात नहीं होगा, बल्कि उन लाखों युवाओं के भरोसे को भी तोड़ देगा जिन्होंने टकराव की जगह बातचीत का रास्ता चुना था।
उन्होंने कहा कि सरकार की विश्वसनीयता केवल वादे करने से नहीं बल्कि उन्हें निभाने से बनती है। उन्होंने प्रदर्शनकारी युवाओं से हिम्मत बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पार्टी उनके साथ खड़ी है। साथ ही उन्होंने दोहराया कि कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janata Party-CJP) पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और उसकी मांग है कि सभी हिरासत में लिए गए या गिरफ्तार किए गए लोगों को तुरंत रिहा किया जाए तथा उनके खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर (FIR) वापस ली जाएं। यदि ऐसा नहीं होता है तो पार्टी आगे आवश्यक कदम उठाएगी।
