राष्ट्रीय समाचार
Gwalior News: ग्वालियर में ट्रक ने बैरिकेड तोड़ा, मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को कुचला, 13 की मौत
Published
4 घंटे agoon

Gwalior News: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में धान से लदे ट्रक ने मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को कुचल दिया. हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हैं. घटना 18 अक्टूबर की देर रात करीब 1:30 बजे चीनोर रोड पर हुई. ग्वालियर के सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) धर्मवीर सिंह के मुताबिक, ट्रक पुलिस का बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ा और शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी. इस रास्ते पर भारी वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित थी.
रिपोर्ट के अनुसार, SSP धर्मवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को रोकने की कोशिश की, लेकिन ड्राइवर बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ गया. चीनोर की तरफ से आने वाली सड़क पर ढलान है. ट्रक बेकाबू होकर रोड पर मौजूद श्रद्धालुओं पर चढ़ गया और मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से टकराकर रुका.
Also Read –dandiya dress: डांडिया खत्म होते ही कपड़े वापस, रिटर्न पार्सलों का ढेर देख लोग भी भड़के
Gwalior News: जिला कलेक्टर ने क्या कहा?
ग्वालियर की जिला कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि रात करीब 1:30 बजे प्रशासन को हादसे की जानकारी मिली. उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही एंबुलेंस को तुरंत मौके पर भेजा गया. कलेक्टर और आला अधिकारियों ने खुद ट्रामा सेंटर जाकर पीड़ितों का हाल जाना और हालात का जायजा लिया.
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस के मुताबिक, ट्रक की चपेट में आए कुल 39 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. इनमें 13 की मौत हो गई है. 5-6 घायलों को फ्रैक्चर आए हैं और उनकी हालत गंभीर है. बाकी लोगों का भी इलाज चल रहा है. SSP धर्मवीर सिंह ने कहा कि एक्सीडेंट में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसवाले भी जख्मी हो गए हैं. उन्होंने कहा कि जब ये हादसा हुआ, उस वक्त बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीतला माता मंदिर जा रहे थे.
एक चश्मदीद ने बताया कि उन्होंने मौके पर 4-5 लोगों की मौत होते देखी. उन्होंने कहा कि वहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु थे, इसलिए घायलों की संख्या काफी ज्यादा हो सकती है. चश्मदीद ने ट्रक की चपेट में आने से वो खुद भी बाल-बाल बचा.
RTO ट्रक की तकनीकी जांच करेगा
ग्वालियर कलेक्टर ने बताया कि नवरात्रि के दौरान सड़क पर बैरियर और पुलिस चेकपॉइंट मौजूद थे. ऐसे में ट्रक बैरिकेड तोड़कर मंदिर के रास्ते तक कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जाएगी. ट्रक की तकनीकी जांच के लिए RTO की टीम भेजी गई है. टीम ये पता लगाएगी कि वाहन में कोई खराबी थी या नहीं और ट्रक बाई ओर मुड़ते हुए बेकाबू कैसे हुआ. प्रशासन हादसे के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जांच कर रहा है.
