राष्ट्रीय समाचार
Wayanad Landslide News: वायनाड में फिर तबाही! सुरंग निर्माण स्थल पर भूस्खलन, 1 की मौत, कई लापता
Published
5 घंटे agoon

Wayanad Landslide News: केरल के वायनाड जिले में मंगलवार को भारी बारिश के बीच बड़ा भूस्खलन हुआ। यह हादसा कल्लाडी सुरंग (टनल) निर्माण स्थल के पास हुआ, जहां मलप्पुरम और वायनाड को जोड़ने वाली सड़क परियोजना पर काम चल रहा था। अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा गिरने से निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन के अनुसार हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।
Wayanad Landslide News: कई लोग अब भी लापता
राज्य सरकार के मुताबिक हादसे के बाद कई मजदूरों और कर्मचारियों के लापता होने की आशंका है। शुरुआती जानकारी के अनुसार कम से कम सात लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं कुछ वाहन भी मलबे की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में आशंका जताई गई है कि मलबे के नीचे और भी लोग फंसे हो सकते हैं।
Also Read – PM Modi Indonesia Visit: “भारत विस्तारवाद नहीं…”, इंडोनेशिया की संसद से प्रधानमंत्री का बड़ा संदेश
बचाव अभियान जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचावकर्मी मलबा हटाकर फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी मात्रा में मिट्टी हटाने के लिए बड़े अर्थ-मूविंग मशीनों की जरूरत होगी, क्योंकि हाथों से राहत कार्य करना मुश्किल है।
पहले ही रोका गया था निर्माण कार्य
अधिकारियों के अनुसार लगातार हो रही बारिश को देखते हुए सुरंग निर्माण का काम एक दिन पहले ही रोक दिया गया था। हालांकि कुछ कर्मचारी और अन्य लोग निर्माण स्थल के आसपास मौजूद थे। इसी दौरान पहाड़ी से मलबा खिसक गया और वे उसकी चपेट में आ गए।घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सरकार ने क्या कहा?
राज्य सरकार ने घटना पर दुख जताया है और पूरे मामले की समीक्षा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संबंधित विभाग ने पहले ही निर्माण कंपनी को इलाके में जमा मिट्टी हटाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने बताया कि अधिकारियों की सलाह के बावजूद समय पर मिट्टी नहीं हटाई गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ। सरकार ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो उचित कार्रवाई की जाएगी।
वायनाड में रेड अलर्ट जारी
वायनाड जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए रेड अलर्ट घोषित किया है। इसके अलावा आसपास के कुछ जिलों में भी ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहने की अपील की है।
पहले भी झेल चुका है वायनाड ऐसी त्रासदी
वायनाड जिला मानसून के दौरान भूस्खलन की घटनाओं के लिए संवेदनशील माना जाता है। पिछले वर्ष भी जिले के कई इलाकों में बड़े भूस्खलन हुए थे, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों की जान गई थी और कई लोग लापता हो गए थे। लगातार हो रही बारिश के कारण इस बार भी प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
